डीसीजीआई वीजी सोमानी ने दो स्वदेशी कोविड-19 वैक्सीन के रविवार को दी मंजूरी।
महामारी से लड़ने के लिए कोविड-19 वैक्सीन का इंतजार अब खत्म हो गया है। भारत के दवा महानियंत्रक यानी डीसीजीआई वीजी सोमानी ने दो स्वदेशी कोविड-19 वैक्सीन के आपातकालीन उपयोग के लिए रविवार को मंजूरी दे दी।
डीसीजीआई ने बताया कि सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया की ‘कोविशील्ड’ और भारत बायोटेक की ‘कोवैक्सीन’ को एक साथ मंजूरी दी गई है। इसके साथ ही भारत दुनिया का पहला ऐसा देश हो गया है, जिसने एक साथ दो वैक्सीन को मंजूरी दी है।
भारत के दवा महानियंत्रक वीजी सोमानी ने बताया कि सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया और भारत बायोटेक की वैक्सीन को दो से आठ डिग्री तापमान पर रखा जा सकता है। दोनों वैक्सीन को आपातकालीन स्थिति में प्रतिबंधित उपयोग के लिए अनुमति दी जाती है।
दोनों स्वदेशी वैक्सीन के आपातकालीन उपयोग को मंजूरी मिलने के बाद प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर भारतीय वैज्ञानिकों को बधाई दी।
मोदी बोले-वैज्ञानिकों ने दिखाया आत्मनिर्भर भारत का जज्बा
देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा हर भारतीय को गर्व होगा कि जिन दो टीकों को मंजूरी दी गई है, वे भारत में बने हैं। यह आत्मनिर्भर भारत के सपने को पूरा करने के लिए हमारे वैज्ञानिक समुदाय के जज्बे को दर्शाता है। वह आत्मनिर्भर भारत, जिसका आधार है- सर्वे भवंतु सुखिन: सर्वे संतु निरामया। मंजूरी मिलने के बाद कोरोना मुक्त राष्ट्र होने का रास्ता साफ हो गया है। यह कोरोना के खिलाफ जंग का निर्णायक मोड़ है।